डोनाल्ड ट्रम्प के शांति के संदेश के कुछ ही घंटों के बाद ईरान ने दोबारा हमलावर होते हुए बगदाद में अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाते हुए रॉकेट दागे। हालांकि दोनों ही रॉकेट निशाने से चूक गए ग्रीन जोन में जा गिरे। हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इससे पहले मंगलवार की रात को भी ईरान ने अमेरिकी सेना के बेस को निशाना बनाते हुए 22 मिसाईलें दागी थी। मगर इस हमले में भी यूएस आर्मी बेस को नुकसान पहुंचा मगर किसी भी अमेरिकी सैनिक के हताहत होने की खबर नहीं थी। हालांकि ईरान ने दावा किया था कि हमले में 80 अमेरिकियों की मौत हुई है।
बुधवार की रात खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मीडिया ब्रीफिंग करते हुए बताया कि अमेरिका के पास दुनिया के सबसे उन्नत हथियार हैं, मगर इसका मतलब ये नहीं है कि वो ईरान पर हमला करने जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया था कि उनके शासनकाल में ईरान कभी भी परमाणु संपन्न राष्ट्र नहीं बन पाएगा।
दुनियाभर की मीडिया को संबोधित इस संदेश में उन्होंने नाटो के सभी सदस्य देशों से ईरान और मिडल ईस्ट देशों से आतंकवाद को मिल रहे समर्थन से सावधान किया था। उन्होंने जोर देकर कहा था कि अमेरिका शांति चाहता है। मगर इसके कुछ ही घंटों बाद ईरान के समयानुसार रात के 11.45 बजे ईरान ने दो राकेट दाग कर बगदाद में अमेरिकी दूतावास को तबाह करने की कोशिश की। मगर दोनों ही रॉकेट निशाने से चूक गए और बगदाद के ग्रीन एरिया में जा गिरे।