LOCK-DOWN के उल्लंघन करने वालों पर कसा शिकंजा, 96 एफआइआर दर्ज

नोएडा। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए गौतमबुद्ध नगर में लागू किये गए लाॅक डाउन के उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। लॉकडाउन के पहले दिन सोमवार को गौतमबुद्धनगर पुलिस की तरफ से धारा 144 का उल्लंघन करने पर 96 मामलों में जिले के विभिन्न कोतवाली में एफआइआर दर्ज की गई है। जबकि लॉकडाउन का उल्लंघन कर सड़कों पर बेवजह वाहनों से चलने वाले 1995 वाहनों के चालान कटे हैं व जुर्माना लगाया गया है।



इसके साथ ही दिल्ली, गाजियाबाद सहित जिले के अन्य बार्डरों को सील करते हुए 86 जगहों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। पुलिस अब इन सभी प्वाइंट पर 24 घंटे जांच करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेगी।


गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान केवल इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोग व इमरजेंसी केस में ही अन्य लोगों को निकलने की छूट दी जा रही है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। पहले दिन भी बड़े स्तर पर कार्रवाई हुई है लेकिन आगे इसे और कड़ाई से पालन कराया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि डीएनडी पर तीन लेन को प्रवेश के लिए खोला जाएगा। एक लेन इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए जबकि दूसरा लेन एंबुलेंस के लिए होगा, वहीं एक लेन मीडिया के लिए खोला जाएगा।


अन्य सभी लेन को बंद कर दिया गया है। इसी प्रकार यमुना एक्सप्रेस वे को भी केवल इमरजेंसी सेवाओं के लिए प्रयोग किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि लॉकडाउन को गंभीरता से लें। मंगलवार से और सख्ती से पुलिस विधिक कारवाई करेगी। इस महामारी से लड़ने के लिए लॉक डाउन को लोगों को फॉलो करना अति आवश्यक है। ऐसा लगता है कि कुछ लोग अज्ञानता वस इसका उल्लंघन कर रहे हैं।